अल्मोड़ा। सैराघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर हरड़ा गांव के पास बुधवार देर रात एक बोलेरो मैक्स अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में मां-बेटी और वाहन चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, हरड़ा गांव निवासी मां-बेटी भाई दूज का त्योहार मनाने पिथौरागढ़ गई थीं। बुधवार देर रात दोनों बोलेरो मैक्स से वापस अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान हरड़ा के पास अचानक वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी गहरी खाई में जा समाई। हादसे में वाहन सवार तीनों लोगों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि तीनों मृतक हरड़ा गांव के ही रहने वाले थे।हादसा देर रात होने और खाई काफी गहरी होने के कारण किसी को दुर्घटना की जानकारी नहीं मिल सकी। मां-बेटी और चालक के शव पूरी रात खाई में ही पड़े रहे। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे गांव की कुछ महिलाएं घास काटने के लिए जंगल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरी क्षतिग्रस्त बोलेरो पर पड़ी। महिलाओं ने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -



